कानपुर। भाऊपुर स्टेशन के आउटर यार्ड पर जनसाधारण एक्सप्रेस हादसे मामले में बुधवार को भी बयान दर्ज किए गए। पूर्वोत्तर रेलवे परिमंडल के मुख्य संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) प्रणजीव सक्सेना ने दूसरे दिन 13 कर्मचारियों के बयान दर्ज किए।
हादसे वाले दिन जिस ट्रैक से ट्रेन निकली थी, उसकी मरम्मत की गई थी। मरम्मत कार्य में खामी की आशंका के मद्देनजर बुधवार को सीआरएस ने ट्रैक मशीन कर्मियों व काम करने वाले स्टाफ के बयान दर्ज किए। साथ ही पनकीधाम स्टेशन के कर्मचारियों के भी बयान लिए गए। यह भी जानने का प्रयास किया गया कि ट्रेन नंबर- 15269 जनसाधारण एक्सप्रेस को मेन से लूपलाइन ले जाने में कहीं पाइंट में तो कमी नहीं थी। फिलहाल जांच ट्रैक मरम्मत, मुख्य से लूप लाइन में जाते समय चेंज पाइंट व लूप लाइन में खामी के इर्दगिर्द ही घूम रही है।मुख्य जनसंपर्क अधिकारी उत्तर-मध्य रेलवे शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि अभी सभी के बयान दर्ज नहीं हुए हैं, इसलिए सीआरएस गुरुवार को भी रेल कर्मियों के बयान दर्ज करेंगे। सभी के बयान दर्ज होने के बाद ही निष्कर्ष निकल सकेगा। संवाद