चकरनगर। सहसों थाना क्षेत्र के पिपरौली गढ़िया गांव के पास शुक्रवार रात साले की बरात में शामिल होने जा रहे जीजा की सड़क हादसे में मौत हो गई। दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक के चचेरे भाई ने हत्या आरोप लगाया हैं। पुलिस जांच में जुटी है।
मध्य प्रदेश के भिंड जनपद के पेहुली गांव निवासी साले शिवम दोहरे की बरात बिठौली थाना क्षेत्र के बिडोरी गांव जा रही थी। बरात में शिवम का जीजा सत्यप्रकाश (45) निवासी पांढरी, जो सीआरपीएफ जवान था, जीजा का चचेरा भाई भीरू (22) निवासी पांढरी और साढ़ू सुरजीत निवासी नारोल, जालौन शामिल थे।
तीनों बाइक से फूप-चौरेला मार्ग से होते हुए जा रहे थे। शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे रास्ते में पिपरौली गढ़िया के पास कार सवार से कहासुनी हो गई। चचेरे भाई भीरू ने आरोप लगाया कि खुन्नस में आकर कार चालक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सहसों पुलिस ने घायलों को सीएचसी राजपुर भेजा। यहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जिला अस्पताल में सीआरपीएफ जवान सत्यप्रकाश को मृत घोषित कर दिया गया। सीओ चकरनगर रामदमन सिंह ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर परिजनों से बातचीत की। इसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया। चचेरे भाई ने सामने से टक्कर मारने की शिकायत की हैं। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।