कानपुर। नरवल तहसील के भदासा गांव में खेल के मैदान को कब्जेदारों ने खेत में तब्दील कर दिया है। अब फसलों की बोआई हो रही है गांव के नवयुवक इस कब्जे से बेहद परेशान हैं, उनका कहना है कि अब खेलने के लिए गांव में कोई जगह नहीं बची है।
सरसौल ब्लॉक के भदासा गांव के दो दर्जन से अधिक युवाओं ने बताया कि तहसील दिवस से लेकर राजस्व विभाग के अधिकारियों तक कई बार प्रार्थना पत्र दिए गए लेकिन अब तक न तो कोई कार्रवाई हुई है और न ही जमीन को खाली कराया गया है। गांव के जीतू यादव और आनंद सिंह ने बताया कि चार बार उपजिलाधिकारी नरवल को शिकायती पत्र दिया। तहसील दिवस में एक बार जिलाधिकारी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए बीडीओ को निर्देश दिए थे कि जमीन को खाली कराकर वहां खेल मैदान का सांकेतिक बोर्ड लगाया जाए।
प्रकरण में उपजिलाधिकारी नरवल विवेक कुमार मिश्रा ने बताया मामला संज्ञान में है इस पर पूर्व में राजस्व टीम की मौजूदगी में जेसीबी से कब्जा हटवाया गया था यदि फिर से कोई कब्जा किया गया है तो जांच कर अवैध कब्जेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जमीन को कब्जा मुक्त कराया जाएगा।