फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिठूर में भिड़ने पर बदमाशों ने मैनेजर को गोली मारी

Sun, 21 Jun 2015 01:48 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
जीटी रोड बिठूर में शनिवार तड़के अपहरण की कोशिश करने वाले बदमाशों से निजी बीमा कंपनी के मैनेजर भिड़ गए और एक बदमाश का तमंचा भी छीन लिया। यह देख दूसरे बदमाश ने उन्हें गोली मार दी। बदमाश उन्हें दूसरी गोली मारने जा रहे थे कि तभी एक ट्रक आ गया और तब बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले। बदमाश मैनेजर की आधी चेन लूट ले गए। इसके बाद घायल मैनेजर पैदल ही करीब सौ मीटर दूर एक पेट्रोल पंप पर पहुंचे। वहां से मोबाइल के जरिए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उन्हें अस्पताल भेजा। इधर, बिठूर थाना क्षेत्र में लगातार अपराध होने पर एसएसपी शलभ माथुर ने बिठूर एसओ जसवंत सिंह और मंधना चौकी प्रभारी शिव कुमार दुबे को लाइन हाजिर कर दिया।
विज्ञापन


मूलरूप से बिल्हौर के चंद्रपुरा गांव के रहने वाले रामकुमार कुशवाहा (50) एक निजी बीमा कंपनी में मैनेजर हैं और सुंदर नगर पनकी में परिवार के साथ रहते हैं। रामकुमार ने बताया कि शनिवार तड़के वह बाइक से अपने गांव चंद्रपुरा जा रहे थे। करीब सवा चार बजे जीटी रोड रामनगर मंधना पेट्रोल पंप के पास एक कार ने ओवरटेक करके उन्हें रोक लिया। कार से चार बदमाश उतरे। दो बदमाशों ने उनके तमंचे सटा दिए। इसके बाद उन्हें जबरदस्ती कार में बैठाने लगे। विरोध करने पर चारों बदमाशों ने उन्हें लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया।

रामकुमार ने भी जान बचाने के लिए हाथ-पैर चलाए। एक बदमाश का तमंचा छीन लिया तो दूसरे बदमाश ने उन्हें गोली मार दी। पीठ पर गोली लगने पर वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिए गए। बदमाश फिर तमंचा लोड करने लगा, तब तक उधर से गुजर रहे एक ट्रक चालक ने झगड़ा होता देख ट्रक की स्पीड कम कर दी। इस पर बदमाशों ने हवा में एक फायर झोंका और कार में बैठकर भाग निकले। बाद में कल्याणपुर सीओ पवित्र मोहन त्रिपाठी, एसओ जसवंत सिंह, मंधना चौकी प्रभारी शिव कुमार दुबे फोर्स के साथ पहुंचे और रामकुमार को अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक रामकुमार की पीठ में गोली फंसी है। उसे ऑपरेशन कर निकाला जाएगा।
विज्ञापन


दूसरी ओर एसएसपी ने बताया कि बिठूर क्षेत्र में लूट, मारपीट और हत्या के प्रयास जैसे अपराध रुक नहीं रहे हैं इसलिए एसओ और चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। एसपी ग्रामीण, सुरेंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि गोली से घायल रामकुमार कुशवाहा ने पिछली बार बिल्हौर के चंद्रपुरा गांव से प्रधानी का चुनाव लड़ा था। इस बार भी संभावित प्रत्याशी है। गांव के लोगों में उसका खासा दखल है। मामले को रंजिश के साथ ही पंचायत चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ अपहरण की कोशिश और हत्या का प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें