यूपी के हरदोई जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे जानकर आपभी हैरत में पड़ जाएंगे। यहां कभी मुखबिर तो कभी उच्चाधिकारी बनकर कोतवाली और थाना प्रभारियों को ठगने वाले शातिर को अतरौली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि बुलंदशहर की देहात कोतवाली के ग्राम जैनपुर निवासी नितिन शर्मा पुत्र सुभाष चंद्र शर्मा खुद को पुलिस का मुखबिर बताकर थाना और कोतवाली प्रभारियों के साथ ठगी करता था। गत 29 मार्च को नितिन शर्मा ने अतरौली के प्रभारी निरीक्षक एसपी उपाध्याय के सीयूजी नंबर पर फोन कर कहा कि चोरी के दो वाहन सीतापुर से पकड़ने हैं।