कानपुर-उन्नाव के बीच मगरवारा स्टेशन के पास अप ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं घटना की जानकारी होने पर पहुंचे परिजनों ने उसकी शिनाख्त की।
मगरवारा रेलवे स्टेशन के पास सोमवार देर रात करीब 12 बजे एक अज्ञात युवक का शव पड़ा होने की जानकारी जीआरपी उन्नाव को पोर्टर सुशील कुमार ने दी। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को ट्रैक से हटवाया। मृतक की जेब में रखे कागजों में लिखे नंबरों पर पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी।
सूचना पर पहुंचे मृतक के भाई गुड्डू व साले दिनेश कुमार ने उसकी पहचान अजगैन थानाक्षेत्र के गांव गोकुलखेड़ा निवासी संदीप कुमार (28) पुत्र लल्लू लोध के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन घटना को संदिग्ध बता रहे हैं जबकि पुलिस के अनुसार फिलहाल युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से लग रही है। बाकी स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्पष्ट होगी।