परमट स्थित आनंदेश्वर मंदिर में सोमवार देर रात चोरी का प्रयास करते एक युवक को पकड़ा गया। युवक मेन मंदिर की दीवार में लगे एग्जास्ट फैन के होल से भीतर दाखिल हुआ।
उसके बिजली केतारों को आपस में टच करने से हुए शार्ट सर्किट होने से मंदिर में अंधेरा छा गया। इस पर चौकीदार को शक हुआ। उसने महंत और कर्मचारियों को जगाया।
महंत और कर्मचारियों ने मंदिर को घेरकर चोर को पकड़ लिया। उसे मंदिर परिसर में जमकर पीटा पर युवक सभी को चकमा देकर भागा और गंगा नदी में कूदकर भाग निकला।
ग्वाटोली थाने में महंत ने तहरीर और सीसीटीवी कैमरे केफुटेज दिए हैं। एसओ का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आनंदेश्वर मंदिर के महंत रमेश पुरी ने बताया कि सोमवार रात करीब सवा बजे मंदिर केकपाट बंद हुए थे। चौकीदार शांति अवस्थी मंदिर की सुरक्षा में तैनात था।
रात करीब दो बजे चौकीदार ने उन्हें मुख्य मंदिर की बिजली अचानक गुल होने की सूचना दी। जबकि मंदिर के दूसरे हिस्सों में आ रही थी। कर्मचारियों ने मंदिर का एक शटर उठाने का प्रयास किया तो वह भीतर से बंद मिला।
कर्मचारियों ने शटर खोला तो भीतर परमट घाट पर अवैध तरीके से रह रहे श्रीराम मल्लाह का रिश्तेदार बरगदिया नजर आया। बकौल महंत उन्होंने कर्मचारियों की मदद से उसे दबोच लिया। जमकर पीटा।
अचानक बरगदिया जमीन से उठा और कर्मचारियों को धक्का देकर भाग निकला। महंत के मुताबिक बरगदिया की सारी करतूत मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं।
मंदिर में हथौड़ा, साबड़ और रस्सी मिली है। एसओ के मुताबिक महंत की तहरीर के आधार पर बरगदिया के खिलाफ चोरी के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।