श्यामनगर में रविवार तड़के बाइक से भाई के साथ जा रही एक महिला को अगवा करके छह बदमाशों ने लूट लिया और उसे विजय नगर चौराहे के पास छोड़कर भाग गए। इस दौरान बदमाश भाई को भी तमंचा लगाकर बंधक बनाए रहे। पीड़ित महिला ने घर पहुंचकर अपने पिता को जानकारी दी तो मामला पुलिस तक पहुंचा।
एएसपी कैंट सुशील धुले मौके पर पहुंचे और श्यामनगर के घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की। श्यामनगर के बाद पीड़ित को विजय नगर ले जाकर भी जांच की गई। उधर परिजनों ने लूट और छेड़छाड़ की तहरीर दी है। इस मामले में पुलिस ने सुजातगंज के दो युवकों को उठाया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
लखीमपुर में तैनात सिपाही का परिवार यहां श्यामनगर में रहता है। सिपाही की बेटी का छह माह का बच्चा एक अस्पताल में भर्ती है। शनिवार रात महिला, रायबरेली निवासी उसका मौसेरा भाई (20) और एक-दो परिजन अस्पताल में तीमारदारी के लिए रुके थे।
रविवार तड़के साढ़े चार बजे महिला अपने मौसेरे भाई के साथ अस्पताल से श्याम नगर स्थित घर जाने के लिए निकली। श्यामनगर डी ब्लाक से न्योरा गांव जाने वाली सड़क पर दो बाइकों से आए छह बदमाशों ने बाइक रोककर महिला से चेन, अंगूठी, बाले और भाई से पांच हजार रुपये लूट लिए।
लूट के बाद बदमाशों ने पीड़ित की बाइक भी छीन ली और बहन-भाई को बाइकों पर बैठाकर सीओडी होते हुए कई रास्तों से घूमते हुए विजय नगर तक लाए। विजय नगर में तमाम लोगों को ख़ड़े देख बदमाश दोनों को वहीं उतार कर भाग गए। इससे पहले दोनों के मोबाइल का सिमकार्ड निकाल लिया और मोबाइल व बाइक की चाभी दे दी। पीड़ित ने बताया कि बदमाश बिना नंबर की दो काली पल्सर बाइकों पर थे, सबने मफलर से चेहरा ढका था।