पॉश इलाके अशोक नगर में बुधवार रात बदमाशों ने यूनियन बैंक का एटीएम लूटने का प्रयास किया। इस दौरान कई जगह से एटीएम तोड़ डाला पर अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके। इसके बाद बदमाशों ने एटीएम के आसपास की तीन दुकानों के शटर के ताले तोड़ डाले। एक दुकान से नकदी और जनरल मर्चेंट का सामान बटोर ले गए। एटीएम लूटे जाने के प्रयास की सूचना पाकर एसपी पश्चिम हरिश चंदर, एएसपी सुनील घुले, फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन की। पता चला कि वारदात से पहले बदमाशों ने एटीएम के पास एक दुकान के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा तोड़ डाला। जबकि दूसरे कैमरे एक बदमाश की तस्वीर कैद हो गई है। पुलिस इस कैमरे के साथ ही एटीएम के इनबिल्ट कैमरे के फुटेज कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू कर दी है।
अशोक नगर बीच वाला मंदिर के पास हर्ष अवस्थी रहते हैं। मकान के ऊपरी हिस्से में वह परिवार के साथ रहते हैं। जबकि निचले हिस्से में तीन दुकानें हैं। एक दुकान में हर्ष अवस्थी ने लक्ष्मी टी कंपनी है। दूसरी दुकान में पीरोड निवासी अशोक रस्तोगी की अशोका ज्वैलर्स नाम से दुकान है। जबकि तीसरे दुकान में यूनियन बैंक का एटीएम है। हर्ष ने बताया कि रात में वह और अशोक अपनी दुकानें बंद करके घर गए थे। देर रात बदमाशों ने अशोक की दुकान के बाहर लगा एक सीसीटीवी कैमरा तोड़ डाला। इसके बाद अशोक और उनकी दुकानों के शटर के ताले तोड़ डाले। हॉलांकि बदमाश दुकानों के भीतर नहीं गए। इसके बाद बदमाशों ने एटीएम लूटने की कोशिश की। एटीएम मशीन तोड़ डाली लेकिन कैश बॉक्स का बदमाश नहीं पहुंच सके। आखिर में बदमाशों का खाली हाथ यहां से लौटना पड़ा। बदमाशों ने एटीएम से पांच सौ मीटर दूर आनंद वर्मा की जनरल मर्चेंट की दुकान के शटर ताला तोड़ा। यहां से दो हजार रुपये नकद और आठ हजार रुपये कीमत का जनरल मर्चेंट का सामान समेट ले गए। हर्ष के मुताबिक गुरुवार की सुबह वह घर से बाहर आए। अपनी और अशोक की दुकानों के ताले और एटीएम मशीन टूटी देख सन्न रह गए। उन्होंने फौरन 100 नंबर पर घटना की सूचना दी। कंट्रोल रूम की सूचना के थोड़ी देर बाद ही एसपी पश्चिम, एसएसपी, और इंस्पेक्टर स्वरूप नगर राजीव द्धिवेदी मौके पर पहुंच गए। क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। छानबीन में फोरेंसिक टीम को कुछ क्लू मिले हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि अशोका ज्वैलर्स के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा वारदात से पहले बदमाशों ने तोड़ डाला था। जबकि वहां लगे दूसरे कैमरे में एक बदमाश की तस्वीर कैद हुई है। इस कैमरे केसाथ एटीएम मशीन के इनबिल्ट कैमरे की फुटेज भी ली गई है। फुटेज को देखा जा रहा है। इंस्पेक्टर के मुताबिक रात 12 से एक बजे के बीच वारदात हुई है। बैंक प्रबंधन और दुकान मालिकों की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जाएगी। बदमाशों का पता लगाने के लिए मुखबिरों का जाल फैला दिया गया है। जल्द ही बदमाशों का पता लगा लिया जाएगा।
--
सब्बल और पेचकश का हुआ इस्तेमाल
दुकानों के शटर के ताले और एटीएम मशीन तोड़ने में सब्बल एवं पेचकश जैसे औजारों का प्रयोग हुआ है। फोरेंसिक टीम की पड़ताल में पुलिस को इसका पता चला है।
--
रात में 12 से 1 बजे के बीच खटपट की आवाज सुनाई दी थी। मैने सोंचा कि कोई अपना काम कर रहा होगा। इससे ज्यादा ध्यान नहीं दिया। इसी दौरान पुलिस की गाड़ी हूटर बजाते हुए निकलती थी। हो सकता है कि पुलिस के डर से बदमाश खाली हाथ भागे हों। हर्ष अवस्थी, मकान मालिक
--
लगातार हो रहे एटीएम पर अटैक
कानपुर। शहर में लगातार एटीएम पर अटैक हो रहे हैं। पुलिस के तेज-तर्रार अफसर, क्राइम ब्रांच टीम एटीएम लूटने की कोशिश करने वालों को पकड़ना दूर उनका सुराग तक लगा पाने में नाकाम है। इस बार भी पुलिस अफसरों ने रटा-कटाया बयान दिया है कि पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम लगाई गई है। जल्द बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। महाराजपुर थाने के पास लगी एक निजी कंपनी के एटीएम मशीन को बदमाश 31 दिसंबर की रात उखाड़ ले गए थे। इसके बाद अर्मापुर में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के सामने शटर बंद एसबीआई के एटीएम को तोड़ने और उखाड़ने के प्रयास हुआ था। इसके पहले भी इसी एटीएम को लूटने की कोशिश हुई थी। बदमाशों ने गार्ड को घायल कर एटीएम मशीन तोड़ दी थी। पिछले साल शहर के कई और एटीएम को निशाना बनाया था। फीलखाना, कोतवाली, गोविंद नगर, बर्रा समेत कई थानों में बैंक प्रबंधन ने एटीएम तोड़े जाने की एफआईआर दर्ज कराई थीं पर अभी तक एटीएम में अटैक करने वाले एक भी बदमाश या गैंग का पता नहीं लगा सकी है।
--
एसएसपी का बयान:
एटीएम में लूटपाट की कोशिश की घटना गंभीर है। वारदात में लोकल गैंग है या बाहर का। इसका पता लगाया जा रहा है। बाहरी गैंग के होने की संभावना ज्यादा है। पुलिस, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम को टॉस्क सौंपा गया है। जल्द सफलता हाथ लगने की उम्मीद है। शलभ माथुर, एसएसपी