कन्नौज के मानीमऊ में चोरों ने बीज की दुकान का शटर तोड़ दिया। दुकान में रखा तरबूज का कीमती बीज और दवाइयां पार कर दीं। सुबह टूटा शटर देखकर दुकानदार के होश उड़ गए। पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू की है।
कोतवाली क्षेत्र के मधुपुर निवासी संतोष कटियार मानीमऊ में जीटी रोड पर हनुमान गढ़ी मंदिर के पास बीज और कीटनाशक दवाओं की बजरंग ट्रेडर्स के नाम से दुकान किए हैं। मंगलवार की शाम वह दुकान बंद कर घर चले गए। रात करीब 12 बजे चोरों ने दुकान का शटर तोड़ दिया। दुकान के अंदर रखा 90 हजार रुपये की कीमत का तरबूज का बीज और एक लाख रुपये की दवाओं के साथ पांच हजार रुपये नगद ले गए।
सुबह हनुमान गढ़ी के पुजारियों ने शटर टूटा देखकर दुकानदार को फोन कर जानकारी दी। दुकान में हुई चोरी की घटना से संतोष कटियार के होश उड़ गए। पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू की। कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि चोरी की घटना की शीघ्र खुलासा किया जाएगा।