लाशें निकलने के बाद गांव में लगी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
बुधवार की सुबह गहरी नदी से दो लाशें बाहर निकाली गई। गांववालों का कहना है कि इन्हें मारने के बाद यहां फेंका गया होगा। पुलिस ने गोताखोर लगाकर पानी में और छानबीन कराई तो एक प्लेटिना बाइक भी बाहर आई। मामला यूपी के कानपुर देहात जिले का है।
मचा हड़कंप
देहात के कुन्दनपुर गांव के पास गहरी नदी में लाशें उतराती देख गांववालों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन रनियां चौकी को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोर लगाकर छानबीन कराई तो दो लाशें और एक बाइक बाहर निकली। पहचान कराने पर पता चला कि दोनों लाशें गांव के ही रहने वाले लोगों की हैं।
अपनी ससुराल में रह रहे थे दोनों
मूल रूप से फतेहपुर मलवां निवासी छोटे सिंह (40) और रमाशंकर (42) अपनी ससुराल रनियां के कुन्दनपुर गांव में पिछले कई सालों से रह रहे थे। मंगलवार की दोपहर दोनों बाइक से रिश्तेदार के तिलक समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। पूरी रात बीत गई लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। बुधवार की सुबह दोनों की लाशें गांव के पास बनी गहरी नदी से बरामद की गईं। घरवालों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हत्या और दुर्घटना दोनों बिन्दुओं से इस मामले को देखा जा रहा है।