यूपी के जालौन जिले में महेवा थाना क्षेत्र के गांव मदारीपुर में हाईवे किनारे एक खेत में ट्रक चालक का शव लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। शरीर पर चाकू के कई वार मिले। कुछ ही दूरी पर उसका मौरंग से लदा ट्रक भी खड़ा मिला। कुठौंद पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर अरुण तिवारी का कहना है कि हत्या रंजिशन लग रही है, परिजनों ने देर शाम तक कोई तहरीर नहीं दी है। बुधवार की सुबह ग्राम मदारीपुर में हाईवे किनारे स्थित ढाबे के पीछे खेत में ग्राम महेवा थाना कालपी निवासी ट्रक चालक उपेंद्र सिंह (23) का शव ग्रामीणों ने देखा।
सूचना पर सीओ समेत थाने का फोर्स मौके पर पहुंचा। खेत से कुछ ही दूरी पर उपेंद्र का मौरंग से लदा ट्रक भी खड़ा था। उपेंद्र के पेट और सीने में चाकू से वार के कई घाव थे। तलाशी में उपेंद्र के कपड़ों से उसका मोबाइल और कुछ रुपये भी मिले हैं।
परिजनों ने बताया कि उपेंद्र औरैया निवासी ट्रांसपोर्टर की गाड़ी चलाता था। आसपास के लोगों के मुताबिक वह मंगलवार की रात मौरंग लादकर हाईवे किनारे ट्रक लगाते हुए आखिरी बार देखा गया था। इसके बाद उसका शव बुधवार सुबह पड़ा मिला।
पुलिस के मुताबिक शव के पास से रुपये और मोबाइल मिलने से साफ है कि वारदात लूट के इरादे से नहीं की गई है। पुलिस रंजिश, लेनदेन, पारिवारिक विवाद या फिर किसी महिला से दोस्ती आदि बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है।