इटावा के जसवंतनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में घर पर मौजूद किशोरी को गांव का ही एक दबंग युवक पास के खेत में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी के शोर मचाने पर गांव के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे तो युवक भाग गया। किशोरी के परिजनों पर युवक ने फायर कर जान से मारने की धमकी दी। मामले में एसएसपी के निर्देश पर सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई।
जसवंतनगर थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी शनिवार सुबह घर के बाहर बने कमरे में पढ़ाई कर रही थी। सुबह पांच बजे गांव का एक युवक वहां पहुंचा और किशोरी को जबरन पास के खेत में ले गया। जहां उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। किशोरी के शोर मचाने पर गांव के लोगों को आता देख युवक भाग निकला।
पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर युवक के घर वालों ने उसे थाने ले चलने की बात कहकर बहलाए रखा। शाम को किशोरी के परिजन इसकी रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने जाने लगे तो युवक ने उन पर फायर कर दिया। पीड़ित ने एसएसपी शिव हरी मीना के आवास पर आकर शिकायत की। उनके निर्देश पर सिविल लाइन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।