बर्रा में जमीन के विवाद में एक युवक ने डीबीएस कॉलेज के पूर्व छात्रनेता और उसके साथी को गोली मार दी। इसके बाद आरोपी ने खुद जाकर बर्रा थाने में हथियार सहित सरेंडर कर दिया। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई आैर मौके पर पहुंची। खून से लथपथ दोनो घायलों को पुलिस ने रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया हैं।
जहां छात्रनेता की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों घायलों को आईसीयू में रखा गया है। पुलिस के अनुसार जरौली फेस वन निवासी गोविंद दीक्षित ने कुछ समय पहले अपनी मां चंद्रकांती दीक्षित के नाम पर बर्रा दो जूही कला भीमनगर स्थित एचआईजी-34 प्लाट खरीदा था।
इसी प्लाट पर लाल कॉलोनी निवासी फर्नीचर कारोबारी मोहम्मद तुशैल भी अपना हक जताते थे। इसी बात को लेकर मोहम्मद तुशैल और गोविंद के बीच विवाद चल रहा था। सोमवार देर शाम गोविंद, दादा नगर सेवाग्राम कालोनी निवासी छात्रनेता उपेन्द्र सिंह उर्फ बड़े ठाकुर सहित आधा दर्जन साथियों के साथ प्लाट पर कब्जा करने गया था।
इसकी सूचना मिलते ही तुशैल का बेटा जीशान बड़े भाई एहसान की लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर मौके पर पहुंच गया। दोनों के बीच कब्जे को लेकर गहमागहमा हुई और मारपीट शुरू हो गई। मारपीट के दौरान ही जीशान ने रिवॉल्वर से बड़े ठाकुर और गोविंद पर ताबड़तोड़ कई राउंड फायर झोंक दिए।
बड़े ठाकुर के पेट और पीठ में दो गोली, गोविंद के कंधे में एक गोली धंस गई और दोनो लहूलुहान होकर गिर गए। गोली मारने के बाद जीशान भागते हुए बर्रा थाने पहुंचा और सरेंडर करते हुए घटना की जानकारी पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही बर्रा थानाध्यक्ष फोर्स सहित मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने अपनी जीप से दोनों घायलों को रीजेंसी हॉस्पिटल भेजा। पूछताछ में जीशान ने पुलिस को बताया कि उसकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। सोमवार को भी एसओ और सीओ कार्यालय अपनी फरियाद लेकर पहुंचा था।
कोई सुनवाई नहीं आहत होकर उसने यह कदम उठाया। बर्रा थानाध्यक्ष रामबाबू ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी जीशान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।