यूपी में उन्नाव जिले के अचलगंज थाना क्षेत्र में आपस में झगड़ रहे बेटों को समझाने पहुंची मां के सिर पर मंझले बेटे ने नशे की हालत में डंडे मार दिया। छोटे बेटे ने घायल मां को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। रविवार को कानपुर हैलट लेकर जाते समय वृद्धा की मौत हो गई। मृतका के छोटे बेटे की तहरीर पर पुलिस ने मंझले बेटे के खिलाफ गैरइरातदन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
अचलगंज थाना क्षेत्र के अर्चितखेड़ा गांव निवासी बुजुर्ग भागीरथ अपनी पत्नी सुंदारा 70 के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना से बने मकान में रहते हैं। जबकि उनके तीन बेटे राजकुमार, राजकिशोर और श्रीकृष्ण गांव के पैतृक मकान में अलग-अलग रहते हैं। मंझला बेटा राजकिशोर शराब का आदी है। इसी से वह आए दिन माता-पिता व भाईयों से झगड़ा भी करता रहता था। शनिवार शाम को राजकिशोर नशे की हालत में मां सुंदारा के पास गया मछली पकाने लिए सौ रुपये मांगे। मां के मना करने पर उससे गाली-गलौज की।
आसपास के लोगों ने समझाकर उसे उसके घर भेज दिया। शनिवार देर रात मां सुंदारा (70) बेटे राजकिशोर के घर गई और उसके बच्चों (पौत्रों) को दूध व भोजन के लिए बुलाया। यह बात उसके बेटे राजकिशोर को नागवार गुजरी उसने घर के बाहर खड़ी मां को पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर दोनों भाई व आसपास के लोग पहुंच गए। इसी दौरान राजकिशोर ने बुजुर्ग में के सिर पर डंडा मरकर घायल कर दिया।
छोटा बेटा श्रीकृष्ण घायल मां को लेकर सीएचसी पहुंचा जहा से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के बाद भी सुधार न होने पर डाक्टर ने रविवार दोपहर कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया। कानपुर लेकर जाते समय रास्ते में सुंदारा की मौत गई। इसके बाद परिजन शव लेकर गांव चले गए। घंटों तक पुलिस को सूचना देने या न देने को लेकर विचार विमर्श के बाद नेवरना पुलिस चौकी में सूचना दी।
सोमवार सुबह पुलिस गांव पहुंची और घटना की जानकारी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के छोटे बेटे श्रीकृष्ण की तहरीर पर अचलगंज थाना पुलिस ने राजकिशोर के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसओ अचलगंज डीपी सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।