बेजुबानों की हत्या पर अब खुलकर आवाजें उठने लगी हैं। जानवरों की हत्या के ऐसे ही दो मामले यूपी के फर्रुखाबाद जिले में शुक्रवार को सामने आए। हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए थाने में जमकर हंगामा भी हुआ।
गला मरोड़कर बकरे की हत्या
कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी रामगुनी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि बकरी का बच्चा गली में खेल रहा था। खेलते खेलते वह पड़ोस के ही रामआसरे के दरवाजे पहुंच गया। इस पर गुस्साए राम आसरे और उनके साथी संजीव ने बकरी के बच्चे का गला मरोड़ दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी घर पर चढ़ आए और गाली गलौज करने लगे। एसओ सुनील यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।
पालतू कुत्ते को जहर देकर मारने की तहरीर
नवाबगंज गांव सिरौली निवासी नेकसी देवी ने गांव के एक युवक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। इसमें कहा गया कि उसके पति शिवकरन की मृत्यु हो चुकी है। वह घर में अकेली रहती है। इस कारण एक कुत्ते को पाला था। गुरुवार की देर शाम पड़ोसी ने उसके कुत्ते को जहर दे दिया। इससे उसकी मौत हो गई। हत्यारोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नवाबगंज थाने में हंगामा भी किया गया।