कानपुर के रनिया इलाके मेें एक 15 वर्षीय स्कूली छात्रा के साथ दुष्कर्म करते हुए एक युवक को रंगेहाथ पकड़ा गया है। गांव वालों ने पहले आरोपी को जमकर पीटा बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
छात्रा का आरोप है कि आरोपी ने सुबह स्कूल जाते वक्त उसे झाड़ियों में खींचकर उसका रेप किया। मुंह खोलने पर जान से मारने की भी धमकी दी। इस बीच उसने कहा कि अगर किसी को बताया तो आंखे निकाल लेगा। आरोपी ने छात्रा के गले पर धारदार चाकू रख वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक कानपुर देहात के रनिया क्षेत्र के धनजुआ ग्राम निवासी छात्रा रोजाना सुबह 9 बजे स्कूल के लिए घर से निकलती थी। लेकिन गुरुवार को वह पांच मिनट देरी से घर से निकली। छात्रा धनजुआ से रायपुर की ओर अपने स्कूल जा रही थी। सुनसान पड़े रास्ते में छात्रा को अकेला आता देख सौरव(20) पुत्र गुलाब सिंह झाड़ियों में घात लगाकर बैठ गया।
जैसे ही छात्रा उसके नजदीक पहुंची, उसने छात्रा को आवाज देकर रोकने की कोशिश की। लड़की उसे अनसुना कर आगे बढ़ने लगी तो पीछे से आकर उसने छात्रा की गर्दन पर चाकू रख दिया और उसे झाड़ियों में खींचकर उसका रेप किया।
गांव के पीछे से शिवनायक सिंह और शिव सेवक सिंह निकल रहे थे। इनकी गल्ला मंडी में दुकान है। उन्होंने छात्रा की आवाज सुनी। दोनों तुरंत मौके पहुंचे और लडके को पकड़ लिया। इसके बाद लड़के को मारते-मारते घटनास्थल से 500 मीटर दूर रायपुर ले जाया गया।
वहां लड़की के परिजनों को सूचित कर दिया गया और आरोपी को पुलिस को हवाले कर दिया गया। घटना से पूरा गांव स्तब्ध है। दरअसल, इसी सड़क से होकर रोजाना सैंकड़ों स्कूली छात्राएं स्कूल जाती है। ऐसे में सभी के मन में घटना का डर बैठ गया है।