बर्रा दो निवासी कक्षा आठ की छात्रा के साथ लखनऊ के नर्सिंगहोम में रेप का मामला प्रकाश में आया है। परिजनों का आरोप है कि एक स्कूल की प्रिंसिपल नौकरी का झांसा देकर लखनऊ ले गई थी। जहां कई महीनों तक उसका शारीरिक शोषण कराया।
जब प्रिंसिपल ने छात्रा की छोटी बहन के साथ भी वही हरकत करने का प्रयास किया, तब छात्रा ने पूरी बात परिजनों को बताई। जिसके बाद पुलिस ने प्रिंसिपल समेत तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रेप, मारपीट, धमकी और पाक्सो एकट में रिपोर्ट दर्ज की है। एसओ तुलसीराम पांडेय ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर लखनऊ के कृष्णानगर थाने को जांच ट्रांसफर कर दी जाएगी।
घरों में नौकरानी का काम करने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि वह कर्रही रोड स्थित एक इंटर कालेज की प्रिंसिपल के घर पर भी काम करती थी। उसकी 14 साल की बेटी प्रिंसिपल के ही स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा है। 26 जनवरी 2015 को प्रिंसिपल उनकी बेटी को यह कहकर अपने साथ ले गई कि लखनऊ में अपने कृष्णानगर स्थित बहनोई के नर्सिंगहोम में नौकरी लगवा देगी, जिससे पढ़ाई और कमाई दोनों होती रहेगी।
आरोप है कि हॉस्पिटल में कई महीनों तक उसका शारीरिक शोषण किया गया। विरोध करने पर प्रिंसिपल ने बेरहमी से पिटाई भी कर दी। परिवार के आर्थिक हालत ठीक नहीं होने के चलते लड़की चुप रही। प्रिंसिपल ने जब उसकी छोटी बहन को लखनऊ ले जाने का प्रयास किया तो उसने परिजनों को आपबीती बताई।
पीड़ित परिवार ने बताया कि लक्ष्य संस्था की अनिता दुआ के जरिए एसएसपी शलभ माथुर से मिलकर पूरी घटना बताई। एसएसपी के आदेश पर बर्रा पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़ित छात्रा को देर शाम मेडिकल के लिए भेजा गया। मामले की आरोपी प्रिंसिपल का कहना है कि उन पर लगे आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि लड़की को बहनोई के हॉस्पिटल में नौकरी के लिए भेजा था। छह माह पहले चोरी करने पर वह पकड़ी गई थी। तब उसे नौकरी से निकाल दिया गया था।