अश्लील वीडियो वायरल होने से पीड़िता की जिंदगी में छाया अंधेरा
हमीरपुर के भरुआसुमेरपुर में रविवार की देर शाम ट्यूशन पढ़ाकर घर वापस जा रही टीचर को एक शोहदे ने अपने घर के अंदर खींच लिया और नशीला पदार्थ सुंघाकर उसके साथ बलात्कार किया। इसके साथ ही उसने अश्लील वीडियो बनाकर उसको नेट में वायरल कर दिया। वीडियो के वायरल होते ही जिले में हड़कंप मच गया।
टीचर बस्ती से बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर रविवार को देर रात घर जा रही थी। रास्ते में उसको मोहल्ले के दबंग गोविंद ओमर ने अपने घर के सामने रोक लिया और जबरदस्ती घर के अंदर खींच ले गया। नशीला पदार्थ सुंघाकर उसके साथ बलात्कार किया। साथ ही उसका अश्लील वीडियो बना लिया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। सोमवार को शोहदे ने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो के वायरल होने पर पीड़ित टीचर ने अपने साथ हुए अत्याचार की जानकारी अपने परिजनों को दी। उसने आत्महत्या करने की बात कही तो घरवालों में हडकंप मच गया। रात अधिक होने पर परिजन थाने में तहरीर देने नहीं गए। इसी बीच दबंग शोहदा पीड़िता के घर जा धमका और परिजनों को पुलिस में जाने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी। सुबह टीचर अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। सबूत के तौर पर परिजनों ने थानाध्यक्ष आरके सिंह को इंटरनेट पर वायरल की गई वीडियो की क्लिप दिखाई।
थानाध्यक्ष ने एसआई संजय सिंह को पुलिस बल के साथ आरोपी के घर भेजा। लेकिन आरोपी को पुलिस की भनक लगते ही मकान में ताला डालकर फरार हो गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।