माखी एसओ ने छुड़ाया, रायफल बरामद तीन गिरफ्तार
वारंटी को पकड़ने गई पुलिस को गांववालों ने घेरकर पीटा। बंधक बनाकर उनकी राइफलें छीन लीं। मामला यूपी के उन्नाव जिले का है।
माखी थाने के एक्शन मोबाइल टीम में शामिल सिपाही अर्जुन कुमार व सर्वेश कुमार शनिवार सुबह करीब दस बजे बौनामऊ गांव गए थे। वहां उन्हें काफी समय से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर वारंटी रऊकरना गांव निवासी मिठाई लाल व उसके बेटे दीपू दिखे। सिपाहियों ने दोनों को पकड़ना चाहा। इस दौरान आरोपियों के दूसरे साथी भी आ गए। उन्होंने सिपाहियों पर मारपीट का आरोप लगा शोर मचाया। इससे ग्रामीण भी जुट गए। गुस्साए लोगों ने दोनों सिपाहियों को मारपीट कर बंधक बना लिया। हमलावरों ने दोनों सिपाहियों की राइफल भी छीन लीं।
सूचना मिलने पर कुछ देर बाद माखी थानाध्यक्ष अरविंद सिंह फोर्स के साथ पहुंचे और घेराबंदी कर हिस्ट्रीशीटर मिठाई लाल, उसके बेटे दीपू और अकबरपुर दबौली गांव निवासी बउवा को गिरफ्तार कर लिया। पीटे गए दोनों सिपाहियों का मेडिकल कराने के बाद उनकी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें पकड़े गए तीनों नामजद आरोपियों के साथ दस अज्ञात शामिल हैं। माखी एसओ ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी मारपीट, जानलेवा हमले समेत कई अन्य मामलों में वांछित हैं। कोर्ट में पेश न होने पर उनके खिलाफ वारंट भी जारी हुआ है।