यूपी के कन्नौज में चार संदिग्ध कश्मीरी पुलिस के हाथ लगने से हड़कंप मचा है। आईबी, एसआईओ की टीमों ने कोतवाली में डेरा डालकर पूछताछ शुरू की है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हिरासत में आए संदिग्ध कश्मीर के पुंछ जिले के रहने वाले हैं।
विज्ञापन
यह मदरसा निर्माण के लिए चंदा मांगने के लिए कन्नौज आए थे। फिलहाल खुफिया विभाग की टीमें संदिग्धों के बैंक खाते, मोबाइल नंबरों की लोकेशन और काल डिटेल खंगाल रही हैं। कश्मीर पुलिस की मदद से इनके बताए नाम और पते की पड़ताल भी कराई जा रही है।
यूपी पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
कश्मीर के पुंछ जिले की पुलिस ने अभी जो जानकारी उपलब्ध कराई है, उसमें इनके खिलाफ जिले के किसी भी थाने में मुकदमा दर्ज न होने की बात सामने आई है। 13 अक्तूबर को खुफिया विभाग को भनक लगी कि जिले में कुछ संदिग्ध कश्मीरी युवकों ने प्रवेश किया है।
इससे खुफिया विभाग चौकन्ना हो गया। गुरुवार रात पुलिस ने मियांगज के पास से इलाकाई लोगों की सूचना पर चार संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। शुक्रवार को एएसपी विनोद कुमार, आईबी, विशेष सूचना अधिकारी और एलआईयू ने सदर कोतवाली में इनसे पूछताछ की।
यूपी पुलिस
हिरासत में आए तीन लोग कश्मीर के पुंछ जिले के थाना मरहोठ और एक थाना फागला का रहने वाला है। चारों ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह मदरसा निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश के जिलों में चंदा मांगते हैं। उनके पास से चंदा मांगने की रसीद भी मिली हैं।
इसके बाद खुफिया विभाग की टीमों ने कश्मीर पुलिस से संपर्क किया। इनके पास मिले आधार कार्ड में दर्ज नाम और पते की जांच कराई जा रही है। कश्मीर पुलिस की मदद से इनका रिकार्ड भी खंगाला जा रहा है। एएसपी ने बताया कि चारों संदिग्धों के बैंक खाते और मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है।
फिरोजाबाद, मैनपुरी से समधन होते हुए यह जिले के कस्बे और गांवों में घूम रहे थे। कश्मीर पुलिस से अभी जो रिपोर्ट मिली है, उसमें इनके खिलाफ कोई मुकदमा न होने की बात सामने आई है। कश्मीर पुलिस से लिखित में इसकी जानकारी देने के लिए कहा गया है। इसके बाद ही इन्हें छोड़ा जाएगा।
पकड़े गए संदिग्धों में दो भाई, मां के खाते में दो हजार मिले
पकड़े गए संदिग्धों की जांच में दो सगे भाई हैं। इनके पास मिले खातों में एक मां का है। इसमें मात्र दो हजार रुपये मिले हैं। चर्चा यह भी रही कि इन्हें 13 अक्तूबर की देर रात पकड़ा गया था। सुबह होते ही छोड़ भी दिया गया था। गुरुवार को कुछ लोगों ने इनकी मौजूदगी संदिग्ध बताई तो इन्हें फिर से पकड़ लिया गया। इनसे पूछताछ की जा रही है।