मरने वाली महिला ने तीन साल पहले की थी दूसरी शादी
उन्नाव के असोहा में एक विवाहिता की पेट और गला चीरकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस को महिला के पति पर ही हत्या करने का शक है।
कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर मजरे रतवसिया निवासी निर्मला(32) पत्नी मोतीलाल रविवार दोपहर लगभग एक बजे घर पर मरणासन्न हालत में पड़ी मिली। घटना के समय पति पुरवा कोल्ड स्टोर आलू लेने गया था। जबकि पुत्री नेहा(6) घर के बाहर खेलने गई थी। दोपहर लगभग डेढ़ बजे जब नेहा खेल कर घर आई तो मां को मरणासन्न हालत में देख चीखी और घर से बाहर भाग गई। मां के लहूलुहान पड़े होने की जानकारी मोहल्ले वालों को दी। पड़ोसियों ने मोतीलाल को फोन पर घटना की जानकारी दी। पति निर्मला को लेकर पुरवा सीएचसी आया। यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रविवार की शाम जिला अस्पताल से उसे कानपुर के लिए रेफर किया गया लेकिन परिजनों ने उसे लखनऊ के ट्रामासेंटर में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई।
पति मोतीलाल ने बताया कि निर्मला के सिर पर गंभीर चोटें होने के साथ ही आंख व पेट पर भी चोटों के निशान थे। मोतीलाल के मुताबिक तीन वर्ष पहले निर्मला ने उसके साथ दूसरा विवाह किया था। 7 जुलाई को दोनों की शादी हुई थी। निर्मला का पहला विवाह मौरावां थानाक्षेत्र के उर्वीखेड़ा निवासी पुतई के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही पुतई एक महिला को लेकर भाग गया था। इससे निर्मला ने उससे संबंध तोड़ लिए थे। लेकिन कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की थी। शादी के बाद निर्मला अपनी दो बेटियों में चांदनी(8) व नेहा(6) को साथ लाई। नेहा तो मां के पास रुकी लेकिन चांदनी को मर्दनपुर अकोहरी में रहने वाले मामा के यहां चली गई।