यूपी के उरई में ससुराल आए एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। परिजनों ने ससुुरालियों पर जहर देकर मारने का आरोप लगाया है, लेकिन अभी तहरीर नहीं दी है। उसका पत्नी से विवाद चल रहा था और मामला कोर्ट में विचाराधीन था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कन्नौज जिले के छिबरामऊ निवासी शानू उर्फ शान मुहम्मद (24) पुत्र नूर मुहम्मद बुधवार को शिवपुरी निवासी अपने फूफा महमूद के यहां आया हुआ था। शिवपुरी निवासी अय्यूब के यहां उसकी ससुराल है। उसका पत्नी मोना से विवाद चल रहा है और मामला कोर्ट में विचाराधीन है। मोना मायके में ही रह रही है। उसने फूफा महमूद व उनके भाई हामिद से समझौता कराने की बात कही थी।
दोपहर में वह कहीं घूमने निकल गया था वापस आने पर अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। महमूद ने उसे कमरे में इस हालत में पड़ा देखा तो उनके होश उड़ गए। वह उसे लेकर अस्पताल गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित करते हुए पुलिस को सूचना दी।
महमूद ने बताया कि शानू ने मरने से पहले उसकी पत्नी से बताया था कि वह अपनी ससुराल गया था, जहां उसकी सास निसात ने कुछ खिला दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। उन्होंने फोन पर ससुरालियों पर जहर खिलाने का आरोप लगाया है लेकिन फिलहाल तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।