कानपुर के फीलखाना में सोमवार दोपहर दामाद ने घर में घुसकर अपने ससुर की ब्लेड से गर्दन रेत दी। परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में हैलट अस्पताल में भर्ती कराकर आरोपी को पीटने के बाद फीलखाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पटकापुर के नवाब साहब का हाता निवासी शकील बेग उर्फ लूला की राम नारायण बाजार में बर्फ की दुकान है।
उन्होंने चार साल पहले अपनी बेटी सबीना का निकाह जरीब चौकी के असलम से किया था। असलम के गलत चाल चलन के चलते महीने भर पहले सबीना से उसका तलाक हो गया था। जिसके बाद से असलम अपने ससुरालीजनों से रंजिश मान रहा था।
बेटे फैसल ने बताया कि सोमवार दोपहर सभी लोग घर में बैठकर टीवी देख रहे थे, अचानक असलम घर में घुसा और ब्लेड से उनके पिता शकील की गर्दन रेत दी। जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिजनों ने तुरंत उन्हें केपीएम अस्पताल में भर्ती कराया जहां गंभीर हालत के चलते उन्हें हैलट रेफर कर दिया गया। परिजनों ने आरोपी असलम को मारपीट करने के बाद फीलखाना पुलिस को सौंप दिया।