ज्योति मर्डर केस में अभियुक्त ज्योति के पति पीयूष श्यादासानी को दूसरे अभियुक्त रेनू ने कंटाप जड़ दिए। सोमवार को जिला जज अरुण कुमार गुप्ता की कोर्ट में पेशी के बाद जेल वापस ले जाते समय पीयूष और रेनू भिड़ गए। रेनू का साथ अवधेश भी दे रहा था। रेनू ने पीयूष पर धमकाने का आरोप लगाया।
बमुश्किल पुलिस ने दोनों को छुड़ाया और जेल पहुंचाया। उधर, केस के सभी कागजात न मिलने के मामले पर दाखिल रिवीजन की सुनवाई हुई। इस पर अब आठ अप्रैल को सुनवाई होगी। ज्योति मर्डर केस के अभियुक्त पीयूष श्यामदासानी, मनीषा मखीजा, अवधेश, सोनू, रेनू और आशीष को जेल से जिला जज की कोर्ट मेें पेशी पर लाया गया था।
पेशी के बाद जेल ले जाते समय करीब तीन बजे नीचे कोर्ट के बरामदे में रेनू ने पीयूष को कंटाप मार दिया। उसका कहना था कि पीयूष ने घटना वाले दिन उसे शराब पिलाने के बहाने बुलाया था और अपनी बीबी के मर्डर में फंसा दिया। अब मर्डर न कबूलने पर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी देता है।
कंटाप मारने पर पीयूष भी रेनू से भिड़ गया। पुलिसकर्मियों ने दोनों को अलग किया। झगड़ा होते देख काफी भीड़ लग गई। इस पर अवधेश चिल्लाने लगा कि पीयूष ने मेरे पिता पर गोली चलवाई है। मुकदमा अपने ऊपर लेने का दबाव बना रहा है।
उधर, जिला जज कोर्ट में केस के सभी कागजात न मिलने की बात कहते हुए मनीषा और पीयूष की तरफ से दाखिल किए गए रिवीजन पर सुनवाई हुई। जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी संतोष यादव ने बताया कि अभियुक्तों के वकीलों ने कागजात न मिलने की बात कही तो अभियोजन ने इसका विरोध किया।
कोर्ट अब इस मामले की सुनवाई आठ अप्रैल को करेगी। रिवीजन पर फैसला आने के बाद अभियुक्तों पर चार्ज तय होंगे। मर्डर में इस्तेमाल की गई बाइक रिलीज की अर्जी पर भी आठ अप्रैल को सुनवाई होगी।