लड़की के शोर मचाने पर पकड़ा गया आरोपी
इंटरव्यू के नाम पर होटल में विकलांग लड़की को बुलाकर कैफे संचालक ने उसका बलात्कार कर दिया। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
औरैया निवासी 24 वर्षीय अंशिक विकलांग लड़की रमईपुर में अपनी मौसी के घर आई थी। चौक टोपी बाजार निवासी प्रशांत वर्मा(26) का चौक में ही इंटरनेट कैफे है। युवती के मुताबिक किसी माध्यम से उसे प्रशांत के कैफे में नौकरी की जानकारी मिली तो उसने बात की। रविवार को प्रशांत ने उसे हरबंशमोहाल के नारायण होटल में इंटरव्यू के लिए बुलाया। आरोप है कि होटल के कमरे में पहुंचने पर आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध पर उसने जान से मारने की धमकी दी और बलात्कार किया। युवक की पकड़ से मुक्त होते ही युवती ने शोर मचाना शुरू कर दिया। युवक ने भागने की कोशिश की लेकिन होटल स्टाफ ने उसे दबोच लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को मेडिकल को भेज युवक को गिरफ्तार कर लिया। एसओ हरबंसमोहाल जसवंत सिंह ने बताया मेडिकल में दुष्कर्म की पुष्टि होने पर युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।