पनकी के एलएमएल चौराहे के पास देर रात तिलक समारोह से लौट रहे बाइक सवार दंपति को तेज रफ्तार डीसीएम ने रौंद दिया।
दंपति की मौके पर मौत हो गई। चालक डीसीएम समेत मौकेसे फरार हो गया। युवक केपास मिले ड्राइविंग लाइसेंस से दोनों की शिनाख्त हुई है।
पुलिस मोबाइल के जरिए परिवार वालों को हादसे की सूचना दे दी है। रविवार को दंपति के शवों का पोस्टमार्टम होगा।
रूरा (कानपुर देहात) के गहलो शाहजहांपुर गांव निवासी भानू प्रताप सिंह (30) के फुफेरे साले का शनिवार को तिलक था।
समारोह नौबस्ता में आयोजित किया गया था। भानू पत्नी बेबी (24) के साथ बाइक से तिलक समारोह में शरीक होने आए थे। रात करीब सवा बजे भानू और बेबी बाइक से गांव लौट रहे थे।
पनकी के एलएमएल चौराहे के पास तेज रफ्तार डीसीएम ने भानू की बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक से सड़क पर आ गए।
डीसीएम वाला दोनों को रौंदता हुआ निकल गया। हादसे की सूचना पर पनकी पुलिस पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया।
थानाध्यक्ष गोपी चंद्र यादव का कहना है कि भानू के परिवार वालों को हादसे की सूचना दे दी गई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक और डीसीएम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।