हत्यारोपी पिता, गांववाले, बेटी की फाइल फोटो
दूसरे समुदाय के लड़के से शादी की जिद पर अड़ी किशोरी को उसके पिता ने गला दबाकर मार डाला और थाने जाकर अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस अधीक्षक ने थाने पहुंचकर आरोपी से पूछताछ के बाद बताया कि मामला ऑनर किलिंग का है। किशोरी के ताऊ की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शुक्रवार रात की यह घटना हमीरपुर जिले में सुमेरपुर थाने के धुंधपुर गांव के कलुवाडेरा की है। पुलिस के मुताबिक यहां के रामप्रसाद की बेटी चांदनी (17) मौदहा कोतवाली के मवइया गांव निवासी अपने नाना कामता प्रसाद के यहां आती जाती थी। इसी गांव के दूसरे समुदाय के युवक से उसका करीब दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इधर चांदनी को देर तक मोबाइल पर बात करते देख मां-बाप को शक हुआ तो उसकी शादी तय कर दी। इस पर चांदनी ने शादी से मना कर दिया और प्रेमी से ही शादी की जिद पर अड़ गई।
शुक्रवार शाम वह मोबाइल पर प्रेमी से बातचीत के दौरान घर से भागने की योजना बना रही थी। मां ने इनकी बातचीत सुन पति रामप्रसाद को बताई। गुस्साए पिता ने चांदनी का मोबाइल तोड़कर फेंक दिया। फिर उसे समझाने की कोशिश की, पर वह जिद पर अड़ी रही। इस पर रामप्रसाद ने रात करीब 12 बजे गला घोंटकर चांदनी की हत्या कर दी। सुबह थाने पहुंचकर पुलिस को पूरा वाकया बता दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी ने थाने में आकर आरोपी से पूछताछ की। सीओ सदर एसएन वैभव पांडेय ने भी मौका मुआयना किया। किशोरी के ताऊ सियाराम ने रामप्रसाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।