नौबस्ता पुलिस ने असलहों के साथ जम्मू के चार युवकों को पकड़ा है। पुलिस, एलआईयू, आईबी ने पूछताछ के बाद युवकों के असलहे जमा करवा लिए हैं।
बुधवार रात नौबस्ता हाइवे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो बोलेरो में सवार नौ युवकों को रोका। इनमें से चार युवकों जाफर, आसिफ, माजिद और नुसरत के पास सिंगल बैरल बंदूकें थीं। चारों युवक जम्मू के राजौरी के रहने वाले हैं। शस्त्र लाइसेंस मांगने पर सिर्फ माजिद और नुसरत ही ओरिजिनल लाइसेंस दिखा पाए जबकि आसिफ और जाफर के पास लाइसेंस की फोटोकापी थी। पूछताछ में युवकों ने बताया कि वे मुंबई की महाराष्ट्र सिक्योरिटी एजेंसी में काम करते हैं। कंपनी ने उन्हें उन्नाव की रुस्तम फूड प्रोडक्ट मीट फैक्ट्री में सिक्योरिटी का काम दे रखा है। पूछताछ में युवकों ने बताया कि बुधवार आधी रात उन्नाव से मुंबई के लिए मीट का कंटेनर निकला था। कंटेनर की सुरक्षा के लिए एक बोलेरो कंटेनर के आगे और एक पीछे चल रही थी। नौबस्ता में पुलिस ने इन्हें रोक लिया। पुलिस ने उन्नाव में कंपनी के मैनेजर और मुंबई की सिक्योरिटी एजेंसी मालिक से भी पूछताछ की। हिरासत में लिए गए युवकों की बातों को परखने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने मुंबई और जम्मू-कश्मीर पुलिस से भी संपर्क साधा। नौबस्ता इंस्पेक्टर राजीव द्विवेदी ने बताया कि चारों युवकों के असलहे जब्त कर लाइसेंस का सत्यापन करवाया जा रहा है। लाइसेंस की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।