यूपी के फर्रुखाबाद जिले में पुलिस को हैरात में डालने वाला अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां के नवाबगंज इलाके में शिक्षक पिता को कथित प्रेमिका के साथ कार में बैठकर जाता देख बेटा भड़क गया। बीच चौराहे में ही पिता-पुत्र व बहू-प्रेमिका के बीच मारपीट होने लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस चारों को पकड़कर कोतवाली ले गई।
खिमसेपुर निवासी एक ग्रामीण नगला बाग रठौरा मोहम्मदाबाद के एक स्कूल में टीचर है। उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को उक्त टीचर अपनी प्रेमिका के साथ कार में बैठकर जा रहा था। रास्ते में उसका अपने बेटे व बहू से आमना-सामना हो गया। इसके बाद पहले पिता-पुत्र में तू-तू-मै-मै और फिर मारपीट होने लगी।
इस बीच बहू भी ससुर की प्रेमिका से भिड़ गई। वहां तमाशबीनों की भीड़ लग गई। सूचना पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची और झगड़ा शांत कराया। थानाध्यक्ष थानाध्यक्ष ललितेश ने बताया कि टीचर की आशनाई के चक्कर में विवाद हुआ। दोनों पक्षों में मामूली हाथापाई के बाद समझौता हो गया। इसलिए कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। पिता व पुत्र साथ-साथ घर चले गए हैं। वहीं प्रेमिका को उसके घर रवाना कर दिया गया।