मृत घोड़ी और स्कूल परिसर में खड़ी पुलिस की गाड़ी
यूपी के कानपुर में शिक्षा के मंदिर में पशु क्रूरता का एक ऐसा अजीब मामला सामने आया है जिससे सभी हैरान हैं। स्कूल में घुसी एक पालतू घोड़ी को नशे में धुत्त शिक्षक ने बेरहमी से डंडों से पीटकर मार डाला। पुलिस ने घोड़ी मालिक की तहरीर पर शिक्षक को हिरासत में ले लिया है।
चकेरी अहिरवां निवासी गंगा विष्णु यादव की घोड़ी बुधवार को किसी तरह खुलकर प्राथमिक विद्यालय के परिसर में घुस गई। घोड़ी वहां गड्ढे में भरा पानी पी रही थी। इस पर शिक्षक हर्ष कुमार अग्निहोत्री भड़क गया और डंडे से घोड़ी को पीटने लगा। आस-पास के लोगों ने शिक्षक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह घोड़ी को बेरहमी से पीटता रहा। घोड़ी मालिक गंगा विष्णु जब पहुंचा तो घोड़ी मर चुकी थी। गंगा विष्णु का आरोप है कि शिक्षक शराब के नशे में था। इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।