कानपुर से लेकर मैनपुरी-कासगंज तक हाइवे पर वाहनों और लोगों को लूटने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गैंग के आठ बदमाशों को एसएसपी की स्पेशल टीम और कोहना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
इन बदमाशों के पास से अजीतमल औरैया में चालक और मालिक को बंधक बनाकर लूटा गया 10 लाख रुपये कीमत के सूखे मेवे से लदा ट्रक बरामद हुआ है। एक बोलेरो, एक पिस्टल, चार तमंचे, 14 कारतूस मिले हैं। पुलिस का दावा है कि लखनऊ नंबर की बोलेरो भी लूट की है।
इस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वारदात में इस्तेमाल करते थे। एसएसपी शलभ माथुर ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेस कांफ्रेस में बताया कि रविवार को सूखे मेवे लादकर अमृतसर से कोलकता जा रहे एनआईसीसी ट्रांसपोर्ट कंपनी के ट्रक को आगरा-इलाहाबाद हाइवे अजीतमल के पास बदमाशों ने लूट लिया था।
ट्रक मालिक करतार सिंह और चालक सुखविंदर सिंह को बांधकर जसवंत नगर इटावा में सूखी बंबी में फेंक कर बदमाश ट्रक लेकर भाग निकले। एसएसपी के मुताबिक उनकी स्पेशल टीम और कोहना पुलिस को सूचना मिली कि बदमाश लूटा गया ट्रक और माल ठिकाने लगाने कानपुर आ रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने गंगा बैराज पर डेरा डाल दिया।
देर रात बोलेरो और ट्रक आता देख रोकने का इशारा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद भी पुलिस कर्मियों ने घेराबंदी करके आठ बदमाशों को दबोच लिया।
बकौल एसएसपी पकड़े गए बदमाश कासगंज, एटा, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद, कानपुर, फर्रुखाबाद, कायमगंज मैनपुरी और मध्य प्रदेश के भिंड में लूटपाट करते थे। लोगों को या तो बांधकर फेंक देते थे या मार भी देते थे।