‘भीम एप’ को शातिर बदमाशों ने साइबर ठगी का जरिया बना लिया है। ये ठग एक झटके में हजारों-लाखों रुपये बैंक अकाउंट से उड़ा देते हैं। मोबाइल एप के जरिये ठगी की एक वारदात कानपुर के बाबूपुरवा इलाके में भी सामने आई है। यहां के एक ट्रांसपोर्टर के अकाउंट से एक लाख से अधिक की रकम निकाल ली गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्तान को डिजिटल और कैशलेस बनाने जा रहे पीएम नरेंद्र मोदी को साइबर ठगों ने करारी चुनौती दी है। कैशलेस लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए प्राधानमंत्री ने कई एप लांच किए इन्हीं में से एक भीम एप भी है। करोड़ों लोग इसे अपने मोबाइल पर डाउनलोड कर चुके हैं।
पहले मोबाइल सिम बंद कराया फिर करी ठगी
किदवई नगर मार्बल मार्केट स्थित एक्सिस बैंक में ट्रांसपोर्टर आफताब और अली का ज्वाइंट बैंक अकाउंट है। आफताब ने बताया कि उन्होंने अपने स्मार्ट मोबाइल फोन पर नेट बैंकिंग सर्विस एक्टिवेट कर रखी है। शनिवार को उनके मोबाइल में 5000 रुपए निकलने का मैसेज आया और फिर उनका नंबर बंद हो गया। जब सोमवार को बैंक पहुंचकर उन्होंने पासबुक अपडेट कराई तो उनके होश उड़ गए। उनके अकाउंट से 105000 रुपए निकल चुके थे। आफताब ने बताया कि किसी ने भीम एप के जरिये 9 बार में रुपये उड़ाये हैं। । उन्होंने बताया कि शनिवार शाम को उनका सिम भी काम नहीं कर रहा था। इस कारण खाते से रुपये निकालने की जानकारी नहीं हो पाई। इंस्पेक्टर दिनेश यादव का कहना है कि ठगों ने पहले मोबाइल सिम बंद कराया और फिर खाते से रुपये ट्रांसफर किए होंगे। तहरीर लेकर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।