मामूली सी बात पर जालिमों ने एक गरीब से उसके सिर ढकने का आसरा छीन लिया। यही नहीं, बड़ी बेरहमी से उसे और उसकी पत्नी को पीटा गया। अधमरी हालत में दंपति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्नाव के पुरवा कोतवाली क्षेत्र के रमईखेड़ा गांव में मंगलवार को खेत में बकरी जाने के विवाद में दबंगों ने बकरी पालक दंपति की पिटाई कर दी। इसके बाद उसके घर में आग लगा दी।
कोतवाली क्षेत्र के रमईखेड़ा गांव में शनिवार शाम प्रेमशंकर की बकरियां गांव के ही रानी पत्नी रजेपाल के खेत में चली गईं थीं। इस पर रानी ने बकरियां अपने घर में बांध लीं। इसकी जानकारी होने पर प्रेम शंकर व उसकी पत्नी कमला बकरी लेने रानी के घर गए।
आरोप है कि इसी बात पर रानी के परिवार वालों ने दंपति को जमकर मारा। इसके बाद उसके छप्पर में आग लगा दी, जिससे छप्पर में रखा अनाज व गृहस्थी का सभी सामान जलकर राख हो गया।
आग की लपटें देख आसपास के लोग जुट गए। किसी तरह आग बुझाई और पुलिस को सूचना दी गई मौके पर पहुंची पुलिस ने दंपति को सीएचसी पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जहां प्रेमशंकर की हालत गंभीर बनी हुई है। एसओ कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित दंपति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।