असम रायफल्स के कर्नल पर मेडिकल कॉलेज की महिला प्रोफेसर से छेड़छाड़ और किडनैपिंग का गंभीर आरोप लगा है। कानपुर के मंधना स्थित एक मेडिकल कॉलेज की महिला प्रोफेसर को कार से खींचकर अपनी गाड़ी में बैठाने की कोशिश के आरोप में असम रायफल्स के कर्नल डॉक्टर सत्य प्रकाश और वार्डन राजा सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट में पेशी के बाद दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
आंध्र प्रदेश में रहने वाली महिला प्रोफेसर ने तीन महीने पहले ही इस मेडिकल कॉलेज में ज्वाइन किया है। उनके मुताबिक दो दिन पहले मैनावती मार्ग स्थित एनआरआई सिटी स्थित एक होटल में कांफ्रेंस में उनके व अन्य डॉक्टरों के साथ-साथ झारखंड निवासी कॉलेज के पूर्व छात्र व असम रायफल्स के कर्नल डा. सत्य प्रकाश व वार्डन राजा सिंह भी मौजूद थे। नशे में दोनों ने अश्लील हरकतें कीं और बाहर निकलने पर कार में खींचने का प्रयास किया। बच-बचाकर दूसरी महिला प्रोफेसर की कार से वह आगे बढ़ीं तो इस्कॉन मंदिर के पास ओवरटेक कर उनकी कार रुकवा ली और जबरन अपनी कार में बैठाने की कोशिश की। जैसे-तैसे वहां से निकलीं तो वार्डन और कर्नल ने स्टाफ क्वाटर में पहुंच उनका दरवाजा पीटना शुरू कर दिया। शोर होने पर आसपास के लोग जुटे तो दोनों भागे। यूपी-100 पर डायल किया तो पुलिस कार्रवाई के लिए सक्रिय हुई।
असम रायफल्स को दी कर्नल की छेड़छाड़ की सूचना
डेमो पिक
कानपुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज की प्रोफेसर के साथ छेड़छाड़ के मामले में गंभीर रुख अपनाते हुए पुलिस ने न सिर्फ आरोपी असम रायफल्स के कर्नल डॉ. सत्यप्रकाश और मेडकल कॉलेज के वार्डन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया बल्कि पीछा करने में इस्तेमाल हुई कार भी कब्जे में ली है। बिठूर के थानाप्रभारी तुलसी राम पांडेय ने बताया कि महिला प्रोफेसर की अर्जी पर असम रायफल्स के कैप्टन डा. सत्य प्रकाश व वार्डन राजा सिंह के खिलाफ छेड़छाड़, पीछा करना और षडंयत्र रचना और धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। दोनों को जेल भेजा गया है। दोनों की गिरफ्तारी की सूचना कॉलेज और असम रायफल्स के अफसरों को दी जा रही है। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से झारखंड की राजधानी रांची निवासी 35 वर्षीय डा. सत्य प्रकाश ने वर्ष 2009 में मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस किया था। तब नगरा, बलिया निवासी 42 वर्षीय राजा सिंह कॉलेज के वार्डन थे। दोनों की तबसे दोस्ती है। इसी वजह से कॉलेज छोड़ने के बाद भी डा. सत्य प्रकाश यहां आते-जाते हैं। आरोपी वार्डन, महिला प्रोफेसर के स्टाफ आवास के ऊपर बने घर में रहते हैं। घटना के वक्त आरोपी डॉक्टर और वार्डन ने शराब पी रखी थी या नहीं, इस बारे में जांच की जा रही है। वारदात में प्रयुक्त कार को भी बरामद कर लिया गया है। जल्द ही विवेचक जेल जाकर आरोपियों के बयान दर्ज करेंगे। महिला प्रोफेसर के विवेचक खुद और कोर्ट में कलम बंद बयान दर्ज कराएंगे। अफसरों का कहना है कि आरोपियों के तैनाती स्थल और गृह जनपद से उनके चरित्र के बारे में जानकारी भी जुटाई जाएगी।