किदवईनगर के साईंधाम मंदिर के बगल में शनिवार को बाइक सवार बदमाशों ने जनरल स्टोर संचालक ऊषा मिश्रा की चेन लूट ली। बदमाशों ने ऊषादेवी से चॉकलेट और चिप्स मांगे।
सामान देते ही बदमाशों ने ऊषादेवी के गले में झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली। ऊषा देवी के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग दौड़े, लेकिन तब तक बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे।
डॉयल 100 में सूचना देने पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। ऊषा देवी ने थाने जाकर तहरीर दी है। ऊषा देवी किदवई नगर ‘ई’ ब्लॉक निवासी सुशील मिश्रा की पत्नी हैं। पति माल रोड के एक शोरूम में सिक्योरिटी गार्ड हैं।
ऊषादेवी घर पर ही एक जनरल स्टोर चलाती है। दोपहर पौने तीन बजे दुकान में बेटा विकास बैठा था। लाल पल्सर सवार बदमाश आए और बेटे से सिगरेट, गुटखा और पांच रुपये का मोबाइल रिचार्ज कूपन लेकर चले गए।
दस मिनट बाद दोनों बदमाश फिर लौटे, हरी, सफेद लाइनदार टीशर्ट पहने इकहरे बदन का बदमाश बाइक स्टार्ट करके बैठा रहा, जबकि तंदरुस्त शरीर का बदमाश वापस और दुकान पर बैठी ऊषा मिश्रा से चॉकलेट, चिप्स मांगे।
चिप्स का पैकेट देते ही बदमाश ने गले में पड़ी चेन, लॉकेट लूट कर संजय वन रोड की तरफ भाग निकले। थानाध्यक्ष महेन्द्र सिंह ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर हुलिए के आधार पर बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।