कानपुर के नौबस्ता के बसंत विहार चौराहे के पास बुधवार दोपहर बाइक सवार नकाबपोश बदमाश भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के महिला मोर्चा की प्रांतीय अध्यक्ष रेनू वर्मा की चेन लूट ली। उनके शोर मचाने पर गैराज में काम कर रहे अरमान ने बाइक से उनका पीछा किया।
इस पर बाइक में पीछे बैठे बदमाश ने बेल्ट से हमला कर दिया। बाइक समेत सड़क पर गिरने से वह चुटहिल हो गया। बदमाश भाग निकले। कल्याणपुर के आवास विकास, केशवपुरम निवासी रेनू वर्मा ने बताया कि बुधवार को धरीपुरवा में लक्ष्मी नारायण यादव के यहां मीटिंग थी। मीटिंग समाप्त होने के बाद वह पैदल बसंत विहार चौराहे जा रही थीं।
पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर चेन लूट ली। थाना प्रभारी नौबस्ता आशीष कुमार शुक्ला ने बताया कि उपचार के बाद अरमान को घर भेज दिया गया है। पीड़िता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज बदमाशों की तलाश की जा रही है।