कलियुगी बड़े भाई ने कुल्हाड़ी से वार कर छोटे भाई की हत्या कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण कर शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी भाई फरार बताया जा रहा है। गांव में जिस किसी ने घटना के बारे में सुना उसकी रूह कांप उठी। चौंकाने वाली बात ये है कि बचपन में दोनों भाइयों के बीच बहुत प्यार था।
फतेहपुर के औंग थाने के गोधरोली गांव में बड़े भाई ने कुल्हाड़ी से प्रहार कर अपने छोटे भाई को मौत के घाट उतार दिया। हत्या का कारण जमीनी विवाद बताया जा रहा है। आरोपी वीरेंद्र उर्फ बड़कवन के दो छोटे भाई हैं जिनमें मझले राजेंद्र व छोटे सुरेंद्र हैं। विवाद विरेंद्र और मझले भाई राजेंद्र के बीच हुआ था।
दरअसल, कुछ समय पहले वीरेंद्र और सबसे छोटे भाई सुरेंद्र ने मिलकर अपनी पुश्तैनी जमीन बेच डाली थी और पैसें दोनों ने आपस में बांट लिए। इस पर मझला आगबबूला हो उठा। उसने अपना हिस्सा मांगा तो बड़ा भाई वीरेंद्र साफ मुकर गया। दोनों के बीच बुधवार को इसी बात पर विवाद हो गया। हिस्सा देना तो दूर उल्टा वीरेंद्र ने कुल्हाड़ी से वार कर अपने मझले भाई को मार डाला। कांड को अंजाम देकर आरोपी वीरेंद्र फरार हो गया।