घटना को अंजाम देने के बाद खुद थाने पहुंच गया
लव अफेयर के शक में एक भाई ने अपनी सगी बड़ी बहन को बेरहमी से कत्ल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद खुद थाने पहुंच गया। उसने बहन को मौत के घाट उतारने का जुर्म इकबाल कर लिया। मामला यूपी के फर्रुखाबाद जिले का है।
शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव मुरैठी की रहने वाली प्रतिमा उर्फ स्वीटी (22) बीएमसी पब्लिक स्कूल शमसाबाद में शिक्षिका थी। उसके छोटे भाई विक्रम उर्फ विक्की पुत्र सुरेशचंद्र को शक था कि उसकी बहन के किसी व्यक्ति से प्रेम संबंध हैं। इस शक के आधार पर उसने बहन को स्कूल जाने से रोक दिया।
मंगलवार को विक्रम की मां मुन्नी देवी किसी वैवाहिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बाहर गई थीं। प्रतिमा और विक्रम घर पर अकेले थे। दोपहर करीब 1.30 बजे विक्रम ने अपनी बड़ी बहन प्रतिमा के सिर में फावड़ा मार दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
बहन की हत्या करने के बाद विक्रम शमसाबाद थाने पहुंचा और उसने पुलिस को बताया कि उसे अपनी बहन के बदचलन होने का शक था। वह दो साल में दो बार फांसी लगाकर जान देने का प्रयास कर चुकी थी। आज उसने उसकी हत्या कर दी है। उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है।
फिलहाल पुलिस ने विक्रम को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त किए गए फावड़े को भी बरामद कर लिया है। विक्रम पीएफसीआई कानपुर में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र है। घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष शमसाबाद और क्षेत्राधिकारी नरेशचंद्र मौके पर पहुंचे। सीओ ने बताया कि विक्रम को अपनी बहन पर प्रेम संबंध होने का शक था। इस वजह से उसने उसकी हत्या कर दी है।