नमक युक्त काली मिट्टी के साथ ही मिली अस्थियां, सिर के बाद अब धड़ की तलाश में जुटी पुलिस
Wed, 27 Dec 2017 09:36 AM IST
टीम डिजिटल, अमर उजाला, कानपुर
सार
- किशोरी के धड़ की तलाश में दूसरे दिन भी हुई खुदाई
- खुदाई के दौरान पुलिस को मिला मृतका का मोबाइल
- मिट्टी व अस्थियों का पुलिस ने लिया सैंपल, कराएगी जांच
- शक के आधार पर पुलिस ने घर के एक कमरे में भी कराई खुदाई
उन्नाव चकलवंशी माखी थानाक्षेत्र के हिमांचल खेड़ा में हत्या के बाद दफनाई गई किशोरी के धड़ की तलाश में पुलिस ने दूसरे दिन भी खुदाई कराई। दूसरे दिन खुदाई के दौरान मोबाइल के अलावा नमक युक्त काली मिट्टी व कुछ अस्थियां मिली हैं। पुलिस को शक है कि किशोरी को मारकर शव गलाने के लिए नमक का प्रयोग किया गया होगा। फिलहाल पुलिस ने सभी के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा है। वहीं मौके से मिले मोबाइल की भी डिटेल खंगाली जा रही है। जमीन में खुदाई से पहले पुलिस ने आरोपी पिता के घर के एक कमरे में भी खुदाई कराई लेकिन कुछ हासिल नहीं हुआ। सोमवार को खुदाई कराए गए स्थान से पांच सौ मीटर दूर खुदाई में मोबाइल व कुछ अस्थियां बरामद हुई हैं।
विज्ञापन
पिता ने कत्ल कर दफनाया था बेटी का शव, कंकाल मिला
हत्या का खुलासा करने में जुटी पुलिस
घर से जांच कर निकलते एसाओ व नायब तहसीलदार।
माखी थानाक्षेत्र की ग्रामसभा भदेसा के मजरा हिमांचलखेड़ा निवासी रामकुमार रैदास की बेटी अनुष्ठा (16) की हत्या का खुलासा करने में जुटी पुलिस हत्यारोपी पिता की निशानदेही पर सोमवार से खुदाई करा रही है। मंगलवार को सीओ कुंअर बहादुर सिंह की अगुवाई में तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सीओ ने पहले हत्यारोपी रामकुमार के घर के एक कमरे में खुदाई कराई लेकिन सफलता नहीं मिली। उसके बाद पुलिस ने गांव के ही नरेश यादव के खेत के बगल में पड़ी जमीन में खुदाई कराई।
मिट़्टी के साथ ही कुछ अस्थियां मिलीं
किशोरी की हत्या की जानकारी होने के बाद हिमांचलखेड़ा गांव के बाहर खुदाई करवाती पुलिस
खुदाई के दौरान पुलिस को एक मोबाइल, नमक युक्त काली मिट़्टी के साथ ही कुछ अस्थियां मिलीं। खेत से करीब एक किलोमीटर दूर पूरा गांव निवासी कप्तान सिंह की बाग में भी पुलिस को कुछ अस्थियां मिली हैं। दोपहर 2 बजे से शुरू हुई खुदाई शाम 4.30 बजे तक चली। लेकिन पुलिस को किशोरी का धड़ नहीं मिल सका। सोमवार को भी पुलिस ने खुदाई कराई थी। जिसमें किशोरी के सिर का कंकाल मिलने के साथ ही हत्या में प्रयोग किया गया हसिया बरामद हुआ था। खुदाई के दौरान ट्रेनी सीओ रुचि गुप्ता, एसओ अशोक भदौरिया, नायब तहसीलदार सुदीप तिवारी, लेखपाल सत्यम शर्मा व मुकेश मौजूद रहे। एसओ प्रदीप भदौरिया ने बताया कि जांच में जो भी चीजें मिली हैं। उन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा।
खुदाई में मिला मोबाइल, पुलिस हिरासत में आरोपी पिता
खुदाई के दौरान पुलिस को जो मोबाइल मिला है वह मृतका किशोरी का ही है। एसओ प्रदीप भदौरिया के मुताबिक मोबाइल की पहचान ग्रामीणों के साथ-साथ मृतका की मां स्वाना ने भी की है। धड़ की तलाश के लिए मृतका के पिता से पूछताछ की जा रही है।