अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। शहर के चर्चित छोटू हत्याकांड में पुलिस हर दिन जल्द खुलासे का दावा कर रही है। मगर पुलिस 13 दिन बाद भी अहम सुराग नहीं लगा सकी। अब पुलिस का दावा है कि उन्हें बीटीएस डाटा रिपोर्ट में मिले नंबरों में तीन नंबर बंद जा रहे थे। इनसे अहम सुराग लगे हैं। पुलिस ने एक संदिग्ध को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
पांच जुलाई को सूटकेस में मिले छोटू के शव के बाद शहर में हर कोई छोटू हत्याकांड के खुलासे पर नजर गढ़ाए है। इस हत्याकांड की जांच खुद एसपी संभाले हैं। हत्या के बाद से जांच दर जांच चल रही है मगर पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पा रही है।
हर रोज पुलिस की जांच नई दिशा में घूम जाती है। अभी तक पुलिस की निगाह व्यापारी पर थी। मगर अब वह जांच घूम गई और पुलिस पुजारी व उसके बेटे पर निगाह लगाए थी। ऐसी ही 13 में पुलिस ने कई मोड़ लिए मगर खुलासे तक नहीं पहुंच सकी। अब पुलिस के पास एक ही रास्ता बचा है बीटीएस डाटा रिपोर्ट।
इस पर पुलिस ने रिपोर्ट निकलवाई और सीडीआर रिपोर्ट मंगाई। पुलिस ने बीटीएस रिपोर्ट में जो नंबर मिले उन्हें डायल किया जिनमें तीन नंबर बंद मिले। पुलिस ने जब पता किया तो एक नंबर मोहल्ले का था। जिस पर पुलिस ने पूछताछ की। पुलिस अब अहम सुराग मिलने का दावा कर रही है।
इसके अलावा पुलिस ने कई साल पहले एक बालक की हत्या में जेल गए एक आरोपी को भी पकड़ा जो कि कई दिनों से लापता था। उससे भी पूछताछ की गई मगर उससे कोई सुराग नहीं लग सका। एसपी संजीव त्यागी का कहना है कि उन्हें अहम सुराग मिले हैं। उस पर काम किया जा रहा है।