कारोबारी के फ्लैट में 70 लाख की चोरी
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर में कोहना थाना क्षेत्र के तिलक नगर स्थित सृष्टि अपार्टमेंट में कारोबारी के फ्लैट से चोर नकदी, जेवरात समेत करीब 70 लाख का सामान समेट ले गए। रविवार सुबह पड़ोसियों ने दरवाजा खुला देखकर कारोबारी को सूचना दी। मौके पर पुलिस, फोरेंसिक टीम के साथ डॉग स्क्वॉयड की टीम ने छानबीन की।
चोरों का पता लगाने के लिए सर्विलांस, क्राइम ब्रांच समेत पांच टीमें लगाई गईं हैं। सृष्टि अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर गिरधर अग्रवाल परिवार के साथ रहते हैं। दादा नगर में उनकी पैकेजिंग व डिस्पोजल गिलास, कटोरी आदि बनाने की फैक्टरी है। 25 मई को वह परिवार समेत स्वरूपनगर निवासी अपने भाई कृष्ण मुरारी के घर चले गए थे।
रविवार सुबह पड़ोसी श्याम तेवरीवाल ने फोन पर उन्हें फ्लैट का दरवाजा खुला होने की जानकारी दी। इस पर गिरधर अपने बेटे सौरभ और बहू के साथ फ्लैट पर पहुंचे। भीतर जाने पर गृहस्थी का सामान इधर-उधर बिखरा मिला। अलमारी के लॉकर के ताले टूटे मिले।
पौने दो लाख रुपये और लाखों के जेवर समेत अन्य सामान गायब था। कोेहना इंस्पेक्टर प्रभुकांत ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे से मिले फुटेज के आधार पर चोरों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
चांदी के जेवरात छोड़ गए चोर
गिरधर ने बताया कि उनकी पत्नी की मौत हो चुकी है। वह अपने बेटे, बहू और उनके बच्चों के साथ रहते हैं। घर पर उनकी मां, पत्नी और बहू के जेवरात रखे थे। चोर चांदी के जेवरात छोड़ गए, बाकी समेट ले गए।
अपार्टमेंट के गार्ड समेत करीब 15 लोगों से पूछताछ की जा रही है। पांच टीमें लगाई गई हैं। वारदात का जल्द खुलासा किया जाएगा।
-डॉ. अनिल कुमार, एसपी पश्चिम