नोटों की कतरन बोरों में भरकर ले जाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव के बांगरमऊ इलाके में दो बोरे 500 व 1000 रुपए के नोट की कतरन मिली है। कतरन को देख कर यह अंदाजा लगा पाना मुश्किल हो रहा कि आखिर कितने नोटों को काट कर फेंका गया है। यूपी पुलिस के लिए यह केस बेहद महत्वपूर्ण व चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।
बुधवार को इस प्रकरण की खबर मिलने पर पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। पुलिस को जानकारी मिली कि बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में उन्नान हरदोई मार्ग के ऊपर से गुजरे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे की पुल के नीचे दो बोरे 500 व 1000 रुपए के नोटों की कतरन पड़ी है। इस पर पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और बोरों के कब्जे में लेकर पूछताछ की।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे के निर्माणकार्य में लगे मजदूरों ने पुलिस को बताया यहां काम चल रहा है और यह बोरा उन्हें बुधवार सुबह छह बजे यहां पड़ा मिला। बोरे को खोल कर देखा तो उसमें पांच सौ और हजार के नोटों की बेहद महीन कतरन भरी मिली।
कतरन को बोरों में भरकर जांच के लिए आरबीआई भेजा
सड़क के डिवाइडर के किनारे पड़ी मिली 500 और 1000 के नोटों की कतरन
- फोटो : अमर उजाला
फिलहाल पुलिस ने कतरन को बोरों में भरकर आरबीआई(भारतीय रिजर्व बैंक) के पास जांच के लिए भेज दिया है। इसकी रिपोर्ट आरबीआई जल्द ही भेज देगा। इसके बाद ही तस्वीर साफ हो पाएगी। फिलहाल, मामला धुंधला नजर आ रहा है।
पुलिस को न तो घटनास्थल से कोई अहम सुराग मिला है और न ही आसपास पूछताछ करने पर कुछ ठोस मिला है। ऐसे में इस प्रकरण की गुत्थी सुलझा पाना पुलिस महकमें के लिए बड़ी चुनौती साबित होने वाला है। इस मामले में अभी केवल इतनी जानकारी हाथ लगी है कि रातों रात कोई यह कतरन यहां फेंक कर गया है।