कानपुर के बर्रा क्षेत्र में 30 लाख की ठगी का एक मामला सामने आया है। घर में सोने का भंडार होने और तंत्र-मंत्र कर गड़ा सोना निकालने का झांसा देकर तांत्रिक ने एक ज्वैलर्स को 30 लाख का चूना लगाया। पीड़ित ने एसपी साउथ से तांत्रिक के खिलाफ शिकायत की है।
बर्रा निवासी ज्वैलर्स उदयनारायन तिवारी ने बताया कि नौबस्ता हंसपुरम निवासी एक तांत्रिक परिचित का है। उसने झांसा देते हुए बताया था कि तुम्हारे घर में सोने का भंडार है। गड़ा सोना निकालने के लिए तांत्रिक पूजा-पाठ के नाम पर वर्ष 2013 से 18 तक 30 लाख रुपए ठग चुका है।
पीड़ित ने कहा कि तांत्रिक के चक्कर में पड़कर कर्जदार हो चुका हूं। ठगी का एहसास होने पर तांत्रिक से अपनी रकम मांगने पर उसने जल्द सोना घर से निकालने का आश्वासन दिया। इसके बाद जब तांत्रिक के घर रकम मांगने गया तो उसने गाली-गलौज कर भगा दिया। पीड़ित ने एसपी से गुहार लगाई है।