कागज की गड्डी थमाकर 24 हजार ले गए टप्पेबाज
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर के घाटमपुर में शातिर टप्पेबाजों ने शनिवार को बड़ौदा ग्रामीण बैंक में अस्सी हजार रुपये के लालच देकर एक ग्राहक के 24 हजार ‘हवा-हवा’ कर चूना लगा दिया। ठग व्यक्ति को नोटों के आकार की कागज की गड्डी थमाकर फरार हो गए।
तिवारीपुर (भीतरगांव) निवासी बुद्धि लाल सविता की कस्बे के बाहर झोपड़ी में हेयर कटिंग की दुकान है। शनिवार को उसने बैंक से 24 हजार रुपये खाते से निकाले थे। वह बैंक काउंटर से रुपये लेकर एक ओर गिनने लगा। तभी दो युवक उसके पास पहुंचे और उसको बातों में उलझा लिया। एक युवक ने जेब से रूमाल निकाली, जिसमें नोटों के आकार की गड्डी बंधी थी। युवकों ने बुद्धिलाल को बताया कि इसमें 80 हजार रुपये बंधे हैं। यह रुपये वह ले ले और अपने 24 हजार रुपये उनको दे दे। लालच में बुद्धि लाल उनकी बातों में फंस गया और अपने रुपये युवकों के हवाले कर दिए। रुपये मिलते ही दोनों युवक बैंक की सीढ़ियां उतरकर बाहर आए और बाइक से फरार हो गए। इधर, कुछ देर बाद जब बुद्धि लाल ने रूमाल खोलकर देखा तो उसके होश उड़ गए। नोटों की जगह उसमें कागज के टुकड़े थे। वह भागकर पुलिस चौकी पहुंचा और सूचना दी। पुलिस ने फोन आसपास के गांवों में फोन कर संदिग्ध बाइक सवार युवकों की खोजबीन कराई, लेकिन कोई नहीं मिला। चौकी इंचार्ज ने बताया कि बैंक मैनेजर के न होने से सीसीटीवी फुटेज देखने को नहीं मिल पाए हैं।