बसरेहर। थानाक्षेत्र के गांव विशुनपुर लोहरई में पुत्र अपनी पत्नी को मायके छोड़ दिल्ली चला गया। इससे नाराज रिटायर्ड फौजी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके घर जाकर फायरिंग की।
फायरिंग में गोली लगने से पुत्रवधू की छोटी बहन व दो बकरियां भी घायल हो गई। फायरिंग की घटना से गांव में सनसनी फैल गई। लोगों का आक्रोश देख फायरिंग करने वाले भाग निकले। घायल युवती को इलाज के लिए पीजीआई में भर्ती कराया गया और चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
फ्रेंड्स कालोनी थानाक्षेत्र के दुर्गा नगर निवासी रिटायर्ड फौजी विपिन सिंह भदौरिया ने अपने पुत्र रजत भदौरिया की शादी बसरेहर थानाक्षेत्र के गांव विशुनपुर लहरोई निवासी अशोक कुमार उर्फ सत्यपाल की पुत्री के साथ की थी। विपिन नशे में घर के लोगों के साथ मारपीट करता था।
एक सप्ताह पूर्व उसने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की। जिससे वह घर छोड़कर अपने मायके चली गई। बाद में उसने अपने पुत्र के साथ मारपीट की। जिससे वह अपनी पत्नी रश्मि को उसके मायके विशनपुर लहरोई छोड़ दिल्ली नौकरी करने के लिए चला गया गया। लेकिन रिटायर्ड फौजी को शक था कि वह अपनी ससुराल में रह रहा है।
इसी को लेकर वह अपने दो भांजों व बहन के साथ शनिवार की रात करीब 12 बजे अपनी लाइसेंसी राइफल लेकर रश्मि के मायके पहुंच गया। दरवाजे पर जाकर उसने दरवाजा खोलने के लिए आवाज लगाई। रश्मि की छोटी बहन प्रीति दरवाजा खोलने के लिए आई तो विपिन ने फायरिंग कर दी।
फायरिंग में गोली प्रीति को जा लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ी। उसके बाद भी विपिन ने कई राउंड फायर किए जिसमें दो बकरियां भी गोली लगने से घायल हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर पूरे गांव में सनसनी फैल गई। बाद में फायरिंग करने वाले भाग निकले। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर एसओ बसरेहर भोलू सिंह भाटी मौके पर पहुंचे और घायल प्रीति को पीजीआई भिजवाया। इस संबंध में प्रीति के पिता सत्यपाल उर्फ अशोक की तहरीर पर पुलिस ने विपिन सिंह भदौरिया, पंकज पुत्र सुरेंद्र सिंह, राहुल पुत्र प्रेम शंकर व मंजू पत्नी सुरेंद्र सिंह निवासी दुर्गा नगर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। एसओ भोलू सिंह भाटी ने बताया विपिन की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई, लेकिन उसका सुराग नहीं लग सका। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
-फायरिंग में पुत्रवधू की छोटी बहन व दो बकरियां गोली लगने से घायल