घायल सेल्समैन सीएचसी में भर्ती
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर देहात में झींझक के खानपुर रोड स्थित शराब ठेके के सेल्समैन को पांच बदमाशों ने चलती बाइक में सिर पर डंडा मारकर गिराने के बाद 69 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने घायल सेल्समैन को सीएचसी में भर्ती कराया है।
देशी शराब ठेका के सेल्समैन अशोक शुक्रवार रात 9:20 बजे अपनी बाइक में ठेका मालिक भूरा सेंगर को बैठा कर बाइक से रेलवे लाइन किनारे से घर जाने के लिए रेलवे फाटक की तरफ आ रहे थे। पुरानी केबिन के पास खड़े पांच अज्ञात बदमाशों ने सेल्समैन अशोक के सर पर लाठी मार दी। इससे वह बाइक गिर गई।
इसके बाद बदमाशों ने शराब बिक्री के रुपयों से भरा थैला लूट लिया। फिर कांशीराम कॉलोनी की तरफ भाग गए। पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स, पुलिस अपर अधीक्षक अनूप कुमार और सीओ डेरापुर आरके मिश्रा मौके पर पहुंचे। ठेका मालिक भूरा सेंगर ने बताया कि दो दिनों की शराब बिक्री का 69 हजार रुपये लूटा गया है। सीओ ने कहा कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज होगी।