ऊसराहार (इटावा)। वैदपुरा गांव में प्रेमी युगल के नामजद प्रमुख हत्यारोपी कुंतेश को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ऑनर किलिंग के इस मामले में पुलिस इससे पूर्व मृतका के नामजद हत्यारोपी पिता व भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। शनिवार को पकड़ा गया कुंतेश भी मृतका का भाई है, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था।
थाना ऊसराहार क्षेत्र के वैदपुरा गांव में गत तीन जनवरी को प्रेमी युगल पूजा व अवधेश पर हुए जानलेवा हमले के प्रमुख हत्यारोपी कुंतेश यादव को थाना पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मृतक अवधेश यादव के पिता ने मृतका पूजा के पिता गिरीश चंद्र यादव व उसके दो भाइयों कुंतेश और माखनलाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस गिरीश व माखनलाल को पहले ही जेल भेज चुकी है।
ऊसराहार थानाध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कुंतेश यादव इस प्रेमी युगल हत्याकांड का प्रमुख आरोपी है। वह कहीं भागने की फिराक में था तभी सरसईनावर गांव के पास से पकड़ा गया है। मालूम हो कि प्रेमी युगल पर कुल्हाड़ी से वार किए गए थे। हमले में पूजा की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि प्रेमी अवधेश चार दिन सैफई पीजीआई में भर्ती रहा था। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हुई है।