फतेहपुर। शहर के पीरनपुर मोहल्ले में बने वारसी मैरिज हॉल में शुक्रवार रात लगभग साढ़े दस बजे डांस के दौरान गोली चली और एक युवक की मौत हो गई। मौजूद लोगों ने हर्ष फायरिंग में गोली लगने की बात कही। वहीं युवक के ताऊ ने निकाह में साजिश कर बुलाने और जानबूझकर गोली मार देने का आरोप दूल्हे के भाई पर लगाया है।
शहर कोतवाली के मसवानी मोहल्ले में रहने वाले मकसूद का कपड़ों की सिलाई का काम है। इनका बेटा यासिर अली(22) भी अच्छी तरह सिलाई करना जानता है। दोस्त जुन्नू ने बताया कि मोहल्ले के ही साजिद के भाई सलमान का निकाह था। आयोजन पीरनपुर के वारसी पैलेस मैरिज हाल में हो रहा था। युवक डांस कर रहे थे। इसी
बीच फायरिंग हुई और गोली यासिर के सीने में लग गई। यासिर लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसके बाद भी कई राउंड फायर होता रहा। जैसे ही लोगों को पता चला कि यासिर को गोली लग गई है। यासिर के दोस्तों ने परिवार को सूचना दी और उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सीओ कपिलदेव मिश्र पहुंचे तो
लोगों ने उन्हें घेर लिया। इस पर वह वहां से कुछ देर के लिए हट गए। मैरिज हाल में मौजूद लोगों ने हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने की जानकारी पुलिस को दी। वहीं दूसरी ओर यासिर के ताऊ माशूक अली ने आरोप लगाया कि साजिद ने जानबूझकर उनके भतीजे को भाई के निकाह में बुलाया और उसे साजिश कर गोली मार दी। वह
यासिर के कामकाज में बढ़ती दक्षता से जलता था। सीओ कपिलदेव मिश्र ने बताया कि पुलिस हर्ष फायरिंग और परिवार के आरोप दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। अभी तक कोई लाइसेंसी बंदूक होने का पता नहीं चला है। तमंचे की गोली लगने की बात सामने आ रही है।