माधौगढ़। पत्नी के मायके जाने से दुखी युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर माधौगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल जेपी पाल का कहना है कि युवक का दो दिन पहले शराब को लेकर पत्नी से विवाद हुआ था। इस पर वह अपने मायके चली गई थी। जिसके बाद रविवार की देर शाम युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
माधैगढ़ क्षेत्र के गांव सुल्तानपुरा निवासी मानवेंद्र सिंह (26) पुत्र जितेंद्र सिंह का दो दिन पूर्व अपनी पत्नी पूनम से शराब को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों के मुताबिक, शनिवार की सुबह भी मानवेंद्र ने अपनी पत्नी पूनम की पिटाई कर दी। इसके भी पूनम अपने दोनों बच्चों युवराज व तन्नवी को लेकर मायके बांदा स्थित कानाखेड़ा गांव चली गई। इसी बात से वह दुखी और परेशान था। रविवार की देर शाम घर पर कोई नहीं था। तभी उसने तमंचे से अपने कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस का कहना है कि पत्नी के मायके सूचना कर दी गई है। मानवेंद्र की मां आशा का भी एक माह पहले देहांत हो चुका है। घरवालों के मुताबिक मानवेंद्र शराब का भी लती था। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।